Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़: पुलिसकर्मी के परिवार को 1 करोड़ 8 लाख का बीमा भुगतान,...

छत्तीसगढ़: पुलिसकर्मी के परिवार को 1 करोड़ 8 लाख का बीमा भुगतान, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दी सहायता

5
0
Jeevan Ayurveda

दिवंगत आरक्षक के परिवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सौंपा 1 करोड़ 8 लाख रुपए के बीमा राशि का चेक

कठिन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के परिवारों का सहारा बन रही सैलरी पैकेज बीमा योजना – उप मुख्यमंत्री शर्मा

Ad

दिवंगत आरक्षक के पुत्र को बाल आरक्षक के रूप में दी जा चुकी है अनुकंपा नियुक्ति

रायपुर, 
उप मुख्यमंत्री एवं गृह एवं जेल मंत्री विजय शर्मा ने आज महानदी भवन नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक स्वर्गीय सोनवीर कुमार की पत्नी श्रीमती प्रीति देवी को बैंक ऑफ बड़ौदा की सैलरी पैकेज बीमा योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। उप मुख्यमंत्री शर्मा ने दिवंगत आरक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने सदस्य को खोने की क्षति अपूरणीय होती है, लेकिन ऐसी कठिन परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा की व्यवस्था परिवार को आगे बढ़ने का संबल प्रदान करती है।

       इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश के पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा और कल्याण भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुलिसकर्मियों के वेतन खातों से जुड़ी बीमा सुविधाएं आकस्मिक परिस्थितियों में उनके आश्रित परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। विगत दिनों नगर सैनिकों एवं फायर फाइटर्स को भी सैलरी पैकेज बीमा योजना से जोड़ा गया है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में सेवाएं देने वाले इन जवानों और उनके परिवारों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सके।

        उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारियों से कहा कि बीमा राशि प्राप्त करने वाले परिवार को इसके सुरक्षित निवेश एवं समुचित वित्तीय प्रबंधन के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाए, ताकि यह राशि परिवार की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा और बच्चों के भविष्य के लिए उपयोगी साबित हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिवंगत आरक्षक के परिवार को शासन की ओर से देय शेष सहायता एवं अन्य सुविधाएं भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

      उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय सोनवीर कुमार छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17वीं वाहिनी, कबीरधाम के अंतर्गत कैंप घाघरा में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। उन्होंने पुलिस बल में 12 वर्षों से अधिक समय तक अपनी सेवाएं दी थीं। विगत 22 दिसम्बर 2025 को गोली लगने की घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा के सैलरी पैकेज के अंतर्गत उनकी पत्नी एवं नामिनी श्रीमती प्रीति देवी को 1 करोड़ 8 लाख रुपए की बीमा राशि प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त उनके पुत्र दिवेश कुमार को बाल आरक्षक के रूप में अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की जा चुकी है।

पुलिसकर्मियों के साथ नगर सैनिकों और अग्निशमन कर्मियों को भी बीमा सुरक्षा का लाभ
        छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा अपने अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी समझौते किए गए हैं। इन समझौतों के अंतर्गत पात्र पुलिसकर्मियों को वेतन खाते के साथ बीमा सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आकस्मिक मृत्यु अथवा दुर्घटना की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उनके आश्रित परिवारों को बीमा सहायता प्रदान की जाती है। इसी क्रम में विगत दिनों नगर सैनिकों और फायर फाइटर्स को भी इस बीमा सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा गया है। इससे पुलिस बल के साथ-साथ आपदा प्रबंधन, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं में कार्यरत जवानों के परिवारों को भी आर्थिक सुरक्षा का संबल मिल सकेगा।

        बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा अब तक पांच पुलिस बल के कर्मियों के प्रकरणों में सैलरी पैकेज के अंतर्गत बीमा सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह व्यवस्था कठिन परिस्थितियों में आश्रित परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही बच्चों की शिक्षा, भविष्य की आवश्यकताओं और परिवार की आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में सहायक हो रही है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद सिन्हा, सीएएफ की 17वीं बटालियन के कमांडेंट कमलेश चंदेल, बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक दिवाकर प्रसाद सिंह, उप महाप्रबंधक प्रभाकर कुमार एवं सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार उपस्थित रहे।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here