Home देश बाढ़ का पहला प्रकोप: दिल्ली में दो दिन से लापता व्यक्ति पानी...

बाढ़ का पहला प्रकोप: दिल्ली में दो दिन से लापता व्यक्ति पानी में मिला मृत

40
0
Jeevan Ayurveda

नई दिल्ली 
दिल्ली में बाढ़ के पानी में डूबकर एक शख्स की मौत हो गई है। दो दिन पहले डूबे शख्स की लाश काफी तलाशी के बाद शुक्रवार को बरामद की गई। उत्तरपूर्वी दिल्ली के गढ़ी मेंधू गांव में ओमबीर नाम के शख्स की जान गई है। यमुना के पानी में मामूली गिरावट आई है, लेकिन दिल्ली के कई इलाके अब भी बाढ़ की चपेट में है। यमुना किनारे बसे कई इलाकों में लोगों को घर छोड़ना पड़ा है।

पुलिस ने बताया कि उन्हें 3 सितंबर को गढ़ी मेंडू गांव में एक शख्स के डूबने की आशंका की सूचना मिली थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जांच के दौरान पता चला कि ओमबीर नाम के शख्स को सुबह करीब 8.30 बजे पुस्ता की तरफ से गांव की ओर जाते देखा गया था। लेकिन किसी ने उन्हें डूबते हुए नहीं देखा।’

Ad

इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (DDMA), नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) और स्थानीय लोगों के साथ तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद भी ओमबीर का पता नहीं चला था। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे पुलिस टीम ने बचाव कर्मियों के साथ दोबारा गांव के आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान शव बरामद किया गया।

शव को जीटीबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। नॉर्थईस्ट दिल्ली के कई इलाके बाढ़ प्रभावित हैं। पिछले सप्ताह भारी बारिश के बाद यमुना में हरियाणा से काफी पानी छोड़ा गया है। दिल्ली में यमुना तट के करीब रहने वाले हजारों लोगों को घर छोड़कर राहत कैंपों में जाना पड़ा है। सरकार और प्रशासन की ओर से राहत कैंपों में कई तरह की व्यवस्था की जा रही है।

 

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here